पटना। धान खरीद की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में उसना चावल खानेवालों की संख्या अधिक है। इसके लिए उसना मिल मालिकों के साथ बैठक कर उसना चावल मिल की संख्या और बढ़ाएं। उन्हीं मिल मालिकों को धान की खरीद से जोड़ें, जो उसना चावल ज्यादा से ज्यादा उपलब्ध करा सकें । धान की खरीद बेहतर ढंग से हो ताकि किसानों को परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की हरसंभव सहायता के लिए तत्पर है। इस बार कम बारिश के कारण 11 जिलों में सूखे की स्थिति उत्पन्न हुई। सूखाग्रस्त जिलों के प्रभावित किसानों को सभी प्रकार की राहत दी गई। उन्होंने अधिकारियों से धान उत्पादन का ठीक से आकलन कराने एवं अनुमानित उत्पादन के अनुसार धान खरीद का जिलावार लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को पराली नहीं जलाने के लिए प्रेरित करें। अधिकारी फील्ड में जाकर किसानों के बीच प्रचार-प्रसार कराएं। किसानों को पराली जलाने से नुकसान के संबंध में बताएं। पराली जलाने से वातावरण खराब हो रहा है। इसको लेकर सभी लोग सतर्क रहें।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव विनय कुमार, कृषि विभाग के सचिव एन. सरवन कुमार एवं सहकारिता विभाग की सचिव बंदना प्रेयसी ने अपने विभागों की उपलब्धियों की जानकारी दी। बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, सहकारिता मंत्री सुरेंद्र प्रसाद यादव एवं संबंंिधत विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।