मुख्य समाचार

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 27 नवंबर तक, भागीदार राज्यों में बिहार भी

नई दिल्ली। 14 नवंबर से शुरू हुए भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) में बिहार, झारखंड एवं महाराष्ट्र भागीदार राज्य और उत्तर प्रदेश एवं केरल फोकस राज्य हैं। प्रगति मैदान में मेला 27 नवंबर तक है। इस दौरान दस लाख से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है।

टिकट चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों पर ऑनलाइन और ऑफलाइन उपलब्ध है। मेले का समय सुबह दस बजे से शाम 7.30 बजे तक है। आईआईटीएफ में सभी 28 राज्य, नौ केंद्रशासित प्रदेश एवं 12 देशों के विदेशी प्रदर्शक (एग्जिबिटर्स) भाग लेंगे।

आईआईटीएफ के 41वें संस्करण का उद्घाटन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने किया। उन्होंने व्यापार मेले का आयोजन वर्ष में दो बार करने का सुझाव दिया। स्वदेशी मेले में महिला,एमएसएमई, छोटे उद्यमी, सेवा क्षेत्र और नए प्रदर्शकों की भागीदारी को बढ़ाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि व्यापक भागीदारी के लिए इसे किफायती भी होना चाहिए। मेले की मजबूती के लिए यह जरूरी है कि केवल उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद ही बेचे जाएं। केंद्रीय मंत्री ने सलाह दी कि पूरे देश में स्थानीय मेलों का भी आयोजन होना चाहिए। इसका विशेष रूप से त्योहार और पर्यटन के मौसम के साथ संबंध हो। इससे पारंपरिक, स्थानीय हस्तशिल्प और हथकरघा को बढ़ावा मिलेगा।

 


संबंधित खबरें