मुख्य समाचार

बिहार को अब तक आवंटन से 32 प्रतिशत कम मिला यूरिया

पटना। बिहार को 11 जनवरी, 2023 तक मात्र 68 प्रतिशत यूरिया मिला है। अक्टूबर 2022 से जनवरी 2023 तक यूरिया की स्वीकृत मात्रा 10,30,000 मीट्रिक टन है जबकि वास्तविक आपूर्ति 7,00,105 मीट्रिक टन हुई है। यह आंकड़ा स्वीकृत मात्रा से 32 प्रतिशत कम है।

कृषि सचिव डॉ एन. सरवण कुमार ने बताया कि 11 जनवरी तक प्राप्त 7,00,105 मीट्रिक टन के विरुद्ध यूरिया का स्टॉक मात्र 70,959 मीट्रिक टन है। यूरिया की मांग जनवरी में अधिक रहने की संभावना है।

2022-23 में गेहूं की फसल 23.78 लाख हेक्टेयर में लगी है। यह पिछले साल से 1.39 लाख हेक्टेयर अधिक है। इस कारण गेहूं फसल के लिए यूरिया की आवश्यकता पिछले साल से अधिक है। कई जिले जहां गेहूं की बुआई विलंब से हुई है, वहां वर्तमान में यूरिया की अत्यधिक जरूरत है।

कृषि सचिव ने कहा कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के लिए राज्य में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनायी गई है। इसके तहत आवश्यक कार्रवाई जारी है। इस अवसर पर कृषि निदेशक डॉ आदित्य प्रकाश, पशुपालन निदेशक विजय प्रकाश मीणा, संयुक्त निदेशक समीर कुमार एवं उप निदेशक अनिल कुमार झा मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें