मुख्य समाचार

बिहार स्टार्टअप बी-हब का शुभारंभ, सीएम ने उद्यमियों से की बात

पटना। मौर्यालोक स्थित बिहार स्टार्टअप बी-हब का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। उन्होंने स्टार्टअप उद्यमियों के कार्यों की जानकारी ली। ग्राम श्री किसान प्राइवेट लिमिटेड की आस्था, शू रिवाइवल की शाजिया कैसर एवं व्यमानिका ऐरो स्पेस के मनीष दीक्षित ने जानकारी दी।

28 नये स्टार्टअप को सीड फंड एवं एक स्टार्टअप को मैचिंग लोन सहित 1.78 करोड़ राशि दी गई। मुख्यमंत्री ने गोरूरल फूड्स एंड बेवरीजेज प्राइवेट लिमिटेड को 38 लाख 80 हजार 835 रुपये, यूनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट एलएलपी को पांच लाख, डिमाया इन्फोमीडिया प्राइवेट लिमिटेड को छह लाख, क्यूरियस बी डिजाइन्स प्राइवेट लिमिटेड को 4.20 लाख एवं  मीडिकवाइजर प्राइवेट लिमिटेड को दस लाख रुपये का चेक दिया।

इस मौके पर उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पौंड्रिक ने बिहार स्टार्टअप पॉलिसी, 2022 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पॉलिसी के तहत दस वर्षों के लिए दस लाख रुपये तक की ब्याज रहित सीड फंड की व्यवस्था की गई है। महिला स्टार्टअप को पांच प्रतिशत, एससी-एसटी और दिव्यांगों को 15 प्रतिशत अधिक सीड फंड के रूप में देने का प्रावधान है।

एक्सीलेरेशन प्रोग्राम में भागीदारी के लिए तीन लाख रुपये अनुदान की व्यवस्था है। एंजेल निवेशकों से निवेश का दो प्रतिशत सफलता शुल्क और सेबी पंजीकृत कैटगरी एक तथा एंजेल समूह से प्राप्त फंड के बराबर अधिकतम पचास लाख रुपये तक के मैचिंग लोन की व्यवस्था बिहार स्टार्टअप फंड से की जाती है।

इस अवसर पर कई स्टार्टअप उद्यमी, उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव डॉ एस. सिद्धार्थ, उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित, पटना के डीएम एवं एसएसपी और उद्योग विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

 


संबंधित खबरें