मुख्य समाचार

बंद चीनी मिलों को शुरू कराने के लिए पहल करेगी सरकार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने के लिए राज्य सरकार पहल करेगी। साथ ही गन्ना किसानों के शीघ्र भुगतान के संबंध में नियम भी बनाये जायेंगे। सासामोसा चीनी मिल प्रबंधन ने अगर गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान नहीं किया, तो सरकार उसे सीज कर भुगतान करने के लिए निर्णय लेगी।

समाधान यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने गोपालगंज में कहा कि गन्ना किसानों को हम प्रोत्साहित कर रहे हैं। गन्ना किसानों ने बंद पड़ी सासामोसा चीनी मिल से बकाया का भुगतान नहीं होने की जानकारी दी है। इसके समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि यह बाढ़ प्रभावित इलाका है। इस इलाके में कई बार स्थलीय निरीक्षण एवं एरियली सर्वे भी कर चुके हैं। बाढ़ को ध्यान में रखते हुए हर जरूरी काम कराये गये हैं ताकि लोग सुरक्षित रहें। सभी काम बारिश से पहले कराने का निर्देश दिया गया है ।

मुख्यमंत्री ने हर घर नल का जल मेंटेन रखने पर भी जोर दिया। यदि कहीं से गड़बड़ी की शिकायत मिलती है, तो उसे अविलंब ठीक कराएं। पंचायत एवं निकाय चुनाव में पुराने जनप्रतिनिधि यदि हार गये हैं, तो उनसे हर घर नल-जल योजना काम को नये प्रतिनिधि को शीघ्र ट्रांसफर कराने का काम करें।

 

 


संबंधित खबरें