मुख्य समाचार

बिहार में सुविधाओं को देखते हुए निवेश का फैसला लें

निवेशक स्वयं बिहार आएं और यहां उपलब्ध सुविधाओं को देखते हुए निवेश का फैसला लें। राज्य में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण है। बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति अच्छी है। दिल्ली में आयोजित इन्वेस्टर्स मीट में विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह ने कहा कि निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए बिहार सरकार ने कई उत्साहवर्धक पॉलिसी बनायी है। 

उद्योग विभाग ने बिहार बायोफ्यूल्स उत्पादन प्रोत्साहन नीति 2023 एवं बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (लेदर और टेक्सटाइल) नीति 2022 सहित कई पॉलिसी बनायी है। इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं के क्षेत्र में भी निवेश की काफी संभावनाएं हैं। श्रमशक्ति के मामले में बिहार अग्रणी राज्य है।

उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौंडरीक ने कहा कि बिहार इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी आधारित सेवाओं, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइन और उत्पादन का हब बन सकता है। बिहार में तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं की बड़ी फौज है। बिहार में स्टार्ट-अप के विकास के लिए बी-हब बनाया गया है। यहां 162 स्टार्ट-अप्स एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। आईटी इंडस्ट्री के लिए बिहार का इको सिस्टम काफी बेहतरीन है। 

सूचना प्रौद्योगिकी सचिव संतोष कुमार मल्ल ने कहा कि बिहार निवेशकों का पसंदीदा राज्य बन रहा है। उद्योग विभाग के प्रयासों से उद्योग लगाना काफी आसान हो गया है। राज्य निवेश प्रोत्साहन पर्षद की बैठक नियमित हो रही है। जमीन आवंटन भी एक सप्ताह के अंदर हो रहा है। 

इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमितेश कुमार सिन्हा ने कहा कि डिजिटल इंडिया का सपना साकार हो रहा है। देश में सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री का तेजी से विकास हुआ है और बिहार में इस सेक्टर में निवेश की काफी संभावनाएं हैं। उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित ने भी अपने विचारों को रखा। 
 


संबंधित खबरें