मुख्य समाचार

अनुदान के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग

बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने उद्योगों को मिलने वाले अनुदान के लिए आवेदन की तिथि नवंबर, 2023 तक बढ़ाने की मांग की है। अनुदान एवं प्रोत्साहन के लंबित अनुदान दावा के लिए उद्योग विभाग ने अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2023 तक रखी थी। 

चैंबर ने उद्योग विभाग से कहा था कि उद्यमियों को जुलाई, अगस्त एवं सितंबर माह में कई तरह की वैधानिक प्रक्रियाओं का अनुपालन करना होता है। इनमें आयकर, कंपनी एक्ट के अंतर्गत ऑडिट कराना एवं कई प्रपत्रों को फाइल करना शामिल है। 

अगस्त, सितंबर एवं अक्टूबर में कई त्योहार होने से राज्य के उद्यमियों को इस योजना का लाभ उठाने से वंचित होना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में इस तिथि का विस्तार नवंबर, 2023 तक करना उचित होगा। राज्य के कई भागों में इंटरनेट सेवा बंद रहने के कारण कई उद्यमी अनुदान एवं प्रोत्साहन का दावा करने से वंचित रह गए हैं। 

बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल का कहना है कि औद्योगिक प्रोत्साहन नीति-2011 एवं बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति-2016 के अंतर्गत राज्य में लगने वाले उद्योगों के लिए अनुदान एवं प्रोत्साहन का प्रावधान है। 

उद्योग विभाग की ओर से समय पर भुगतान नहीं करने के कारण बड़ी राशि लंबित हो गई है। इसके तहत उद्यमियों का सरकार पर दो लाख से बीस करोड़ तक बकाया हो गया है । 


संबंधित खबरें