मुख्य समाचार

जेड सर्टिफिकेशन में नंबर वन बना बिहार

बिहार की 3171 यूनिट्स को जेड सर्टिफिकेट मिल चुका है। इस संख्या के साथ जेड सर्टिफिकेशन में बिहार अग्रणी राज्य बन गया है। केंद्र सरकार का एमएसएमई मंत्रालय जेड सर्टिफिकेट प्रदान करता है। 

बिहार की 15 यूनिट्स को गोल्ड एवं 18 को सिल्वर सर्टिफिकेट मिला है। तमिलनाडु 3119 यूनिट्स के साथ दूसरे एवं हरियाणा तीसरे स्थान (2947 यूनिट्स) पर है। कर्नाटक,पंजाब, उत्तरप्रदेश एवं मध्यप्रदेश का नंबर इसके बाद है। 

उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि जेड सर्टिफिकेशन के मामले में नंबर वन बनना इस बात का प्रमाण है कि बिहार का औद्योगिक माहौल बेहतर हो रहा है। उद्योगपति बिहार में ज्यादा से ज्यादा निवेश करने के लिए इच्छुक हैं। उन्होंने पूरी टीम को बधाई दी है।

उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौंडरिक ने कहा कि उद्योग निदेशक के नेतृत्व में विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की कड़ी मेहनत की बदौलत बिहार की इतनी औद्योगिक इकाइयों का जेड सर्टिफिकेशन कराया गया है। प्रदेश की अन्य इकाइयों को भी यह सर्टिफिकेट प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। 
 


संबंधित खबरें