बिहार के पूर्व उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार इथेनॉल उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। मुझे खुशी है कि जिस काम को शुरू किया था। वह अब पूरा हो रहा है। गोपालगंज के बैकुंठपुर में वेस्टवेल बायोरिफाइनरीज के ग्रेन बेस्ड इथेनॉल प्लांट का दौरा करने के बाद शाहनवाज हुसैन ने अपने विचारों को रखा।
पूर्व उद्योग मंत्री ने बताया कि वेस्टवेल बायोरिफाइनरीज की प्रतिदिन इथेनॉल उत्पादन क्षमता 167.5 किलोलीटर है। इस प्लांट से 18 सितंबर से इथेनॉल का कमर्शियल उत्पादन शुरू हो गया है।
वेस्टवेल बायोरिफाइनरीज बिहार की पहली कंपनी है, जिसने ग्रेन बेस्ड इथेनॉल उत्पादन प्लांट लगाने के लिए आवेदन दिया था। इस प्लांट से इथेनॉल का उत्पादन होता देख काफी खुशी हुई। बिहार में 15 इथेनॉल प्लांट्स बनकर तैयार हैं। कई प्लांट्स से कमर्शियल उत्पादन शुरू हो गया है।