प्रसिद्ध होजरी निर्माता कंपनी टीटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संजय जैन ने कहा कि बिहार के लोग गर्व के साथ मेड इन बिहार कपड़े पहने और पहनाएं। इससे बिहार की पहचान बनेगी। मेड इन बिहार उत्पादों के ब्रांड एंबेसडर बिहार के लोग ही बन सकते हैं।
उन्होंने नए उद्यमियों से कहा कि प्रोडक्ट की क्वालिटी के साथ कभी समझौता नहीं करें। अपने प्रोडक्ट को कॉम्पिटेटिव रेट पर रखें। कर्मचारियों को बेसिक ट्रेनिंग के साथ स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग भी देते रहें। बिना घबराए लगातार काम करते रहें।
टीटी लिमिटेड के एमडी संजय जैन बिहटा स्थित सिकंदरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में मेड इन बिहार लोगो की लांचिंग के मौके पर एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौंडरीक भी मौजूद थे।

होजरी निर्माता कंपनी टीटी लिमिटेड बिहटा में मेड इन बिहार होजरी उत्पादों के निर्माण और मार्केटिंग नेटवर्क को मजबूत करने में सहयोग कर रही है।
अपर मुख्य सचिव संदीप पौंडरीक ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से जुड़े नए उद्यमियों की मदद के लिए बड़ी कंपनियों के साथ तालमेल किया जा रहा है। इससे उन्हें कच्चा माल और मार्केटिंग की समस्या से निजात मिलेगी।
बिहटा में होजरी क्षेत्र में इस प्रयोग को दोहराया जा रहा है। इसके तहत आठ लाभुकों को टीटी लिमिटेड के साथ जोड़ा गया है। मुजफ्फरपुर बैग क्लस्टर में एक बड़े ब्रांड के साथ 40 लाभुकों का जोड़ा गया है। सभी ब्रांडेड बैग का निर्माण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में सिकंदरपुर इंडस्ट्रियल एरिया का काफी विकास हुआ है। यहां पर ब्रिटानिया की फैक्ट्री, ई-रेडिएशन सेंटर और पैक हाउस सहित आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है।
