मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने काम में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की कोताही बरदाश्त नहीं की जाएगी।
राज्य में विधि-व्यवस्था को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कहा कि अपराध अनुसंधान कार्य समय पर पूरा करें ताकि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई हो सके। कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तत्परता से काम करें। थाने में आने वाले आगंतुकों के साथ अच्छा व्यवहार हो और उनकी बात सुनें।
उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस में महिलाओं की भागीदारी देश में सबसे अधिक है। पुलिस बल में महिलाओं की संख्या बढ़ने से महिलाओं की समस्याओं के समाधान में सहूलियत हो रही है। हर थाने में महिला पदाधिकारी और महिला पुलिसकर्मियों की नियुक्ति होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने जमीन विवाद के कारण होने वाले अपराध, अवैध खनन और शराबबंदी के क्रियान्वयन पर विशेष नजर रखने का भी निर्देश दिया। पुलिस महानिदेशक आरएस भट्ठी ने अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।