डिप्टी सीएम सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बाजार समिति परिसर की दुकानों का आवंटन पारदर्शी तरीके से करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने जहां-जहां बाजार समिति परिसर का काम पूरा कर लिया है, वहां टीम का गठन कर गुणवत्ता की जांच करा लें।
कृषि मंत्री बाजार समिति परिसर के निर्माण कार्य से संबंधित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। राज्य के हर जिले के बाजार समिति परिसर में अनाज, फल-सब्जी एवं मछली के लिए अलग-अलग बाजार और स्टोरेज का निर्माण हो रहा है। राज्य सरकार ने यह काम बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को सौंपा है।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के प्रतिनिधियों ने बैठक में बताया कि चंदौती (गया) और वैशाली में बाजार समिति का काम पूरा हो गया है। पूर्वी और पश्चिम चंपारण जिले में 15 मई तक काम पूरा हो जाएगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से बिहार के किसानों को उनके उत्पादों का अधिकतम मूल्य मिल सकेगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।