पटना जिला प्रशासन ने आम लोगों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। व्हाट्सएप नंबर 62029 80548 पर मैसेज के जरिये अपनी परेशानी दर्ज कर सकते हैं। निर्धारित प्रावधानों के अंतर्गत सभी समस्याओं का तेजी से हल किया जायेगा।
डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने आम जनता से अपील की है कि तथ्य एवं साक्ष्यों के साथ लोकहित की समस्याओं को व्हाट्सएप करें। संबंधित पदाधिकारी को कार्रवाई के लिए तुरंत निर्देश दिया जाएगा। कार्रवाई की रिपोर्ट (एटीआर) आवेदक को भी दी जायेगी। जिला प्रशासन के आधिकारिक फेसबुक और एक्स अकाउंट पर मिली सूचनाओं पर भी तुरंत कार्रवाई की जाती है।
डीएम ने बताया कि जन शिकायतों के समाधान के लिए लोक शिकायत निवारण प्रणाली पहले से ही क्रियाशील है। जिला जनता दरबार में भी लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाता है।
इनके साथ व्हाट्सएप सुविधा भी शुरू की गई है। इसमें काफी कम समय में लोगों की समस्याओं का समाधान हो सकेगा।