मुख्य समाचार

चुनौतियों के बावजूद प्रगति के पथ पर बिहार : सीएम नीतीश

78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी चुनौतियों के बावजूद बिहार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। हमारा अतीत गौरवशाली रहा है। हम उसी ऊंचाई को फिर से प्राप्त करना चाहते हैं। 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सब यह संकल्प लें कि बिहार को एक खुशहाल राज्य के रूप में विकसित करने के लिए अपना सहयोग प्रदान करेंगे। 

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने देश की आजादी के लिए शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों और सरहद पर तैनात भारतीय सेना को नमन किया। 

उन्होंने कहा कि बिहार का विकास और तेजी से हो। इसके लिए हम बिहार को विशेष राज्य का दर्जा या विशेष आर्थिक सहयोग की मांग करते रहे हैं। 

मुझे खुशी है कि केंद्र सरकार ने इस बार के बजट में विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। उम्मीद है बिहार को इसी तरह सहयोग मिलता रहेगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से बिहार का विकास तेजी से हो रहा है। वर्ष 2005-06 में राज्य का बजट मात्र 28 हजार करोड़ रुपये था। यह बढ़ते-बढ़ते अब 2 लाख 78 हजार करोड़ रुपये हो गया है। 

उन्होंने विधि-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, हर घर बिजली, जल, शौचालय, हर खेत तक सिंचाई, महिला सशक्तीकरण, युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार क्षेत्र में राज्य सरकार की ओर से किये गये कार्यों को बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी धर्मों का ख्याल रखती है। उनकी आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का सौंदर्यीकरण एवं सुविधाओं का विकास किया गया है। 
 


संबंधित खबरें