वैशाली जिला के वैशालीगढ़ स्थित बुद्ध सम्यक दर्शन सह बुद्ध स्मृति स्तूप का निर्माण लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। शेष काम दो माह में पूरा हो जाएगा। भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निरीक्षण के दौरान यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि वैशाली ऐतिहासिक और पौराणिक जगह है। भगवान बुद्ध के जितने भी अस्थि कलश मिले हैं, उनमें वैशाली में मिला अस्थि कलश सबसे प्रामाणिक है। बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह बुद्ध स्मृति स्तूप के बन जाने से यहां बौद्ध भिक्षुओं के साथ बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक भी आएंगे।
बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय में महात्मा बुद्ध के जीवन से संबंधित घटनाओं और बौद्ध धर्म से जुड़े प्रसंगों को दर्शाया जाएगा। उन्होंने वैशालीगढ़ को विकसित करने के लिए किये गये कार्यों का ब्योरा दर्शाने का निर्देश दिया। इससे पर्यटक जान सकेंगे कि इस ऐतिहासिक धरोहर को विकसित करने के लिए कितने काम किए गए हैं।