भागलपुर जिले के सुलतानगंज में श्रावणी मेले का उद्घाटन डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने किया। इस मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे।

श्रावण मास में देशभर से लाखों श्रद्धालु सुलतानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथधाम में अर्पित करते हैं। 12 ज्योतिर्लिंग में शामिल बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रावण मास में होने वाली पूजा विशेष महत्व रखती है।
राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष तैयारी की है। भागलपुर-मुंगेर-बांका जिलों के अंतर्गत कांवड़िया पथ पर आधुनिक टेंट सिटी का निर्माण कराया गया है। टेंट सिटी में बिजली, स्नानघर, पेयजल, सुरक्षा, सीसीटीवी, पंखा, कूलर, टेबल-कुर्सी जैसी आवश्यक सुविधाएं मौजूद हैं। कांवड़ियों के लिए बांस के विशेष स्टैंड भी बनवाए गए हैं।

कांवड़िया पथ पर सूचना केंद्र एवं स्वास्थ्य शिविर की भी व्यवस्था है। सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर भीड़ को देखते हुए एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव दो मिनट किया गया है। प्रतिदिन यहां गंगा आरती भी होगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा के लिए आयोजित श्रावणी मेला आस्था, संस्कृति और प्रशासनिक समन्वय का प्रतीक है। राज्य सरकार की कोशिश है कि कांवड़ियों को किसी तरह की कठिनाई न हो।

बांका जिले के धौरी प्रवेश द्वार पर मेले का उद्घाटन करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि जिले के कांवड़ पथ पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां कांवड़ पथ की 55 किलोमीटर लंबी कच्ची सड़कों के विशेष रख-रखाव, रोड साइन बोर्ड, पीवीसी पाइप और सड़कों पर पेंटिंग का काम हो गया है। 600 बेड वाले अबरखा टेंट सिटी में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम की व्यवस्था है।