बिहार के कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ाने और किसानों की सुविधा के लिए पटना में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) का ऑफिस खुलेगा। एपीडा के सीएमडी ने कृषि मंत्रालय के प्रस्ताव पर सहमति दे दी है। मीठापुर स्थित कृषि भवन में एपीडा का ऑफिस कार्य करेगा।
बिहार के कृषि मंत्री मंगल पांडे की केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ नई दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बिहार के किसानों के हित में कई निर्णय लिये गये।
शिवराज सिंह चौहान ने उन्नत किस्म के बीजों की आपूर्ति और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना में बिहार को अधिक आवंटन के लिए निर्देश दिए। बिहार के लिए इस योजना की दूसरी किश्त भी जारी कर दी गई।
बिहार कृषि क्षेत्र में अच्छा कर रहा है। इस आधार पर अधिक राशि का आवंटन, गेहूं के लिए अधिक बीज की उपलब्धता और कृषि यांत्रिकरण के लिए अधिक राशि देने का भी निर्णय लिया गया।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के बिहार स्थित क्षेत्रीय मक्का अनुसंधान एवं बीज उत्पादन केंद्र को आधुनिक बनाया जाएगा। लीची, शहद एवं मखाना उत्पादक किसानों की सहायता के लिए भी केंद्रीय कृषि मंत्री ने कई निर्देश दिए।