देश के मक्का उत्पादन में बिहार का योगदान लगभग 11 प्रतिशत है। आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान और महाराष्ट्र के बाद बिहार देश का पांचवां सबसे बड़ा मक्का उत्पादक राज्य है। नई दिल्ली में आयोजित इंडिया मेज समिट में बिहार के कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने यह जानकारी दी। समिट का आयोजन फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) ने किया है।
कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार के किसान काफी मेहनती हैं। इसी का नतीजा है कि बिहार को पूरे देश में मक्का उत्पादन के लिए राष्ट्रीय कृषि कर्मण पुरस्कार मिला है। राज्य सरकार का प्रयास है कि बिहार को मक्का निर्यातक राज्य के रूप में विकसित किया जाये। सरकार किसानों को उनकी फसल का अधिक से अधिक मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इंडिया मेज समिट में आये राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रमुख बीज उत्पादक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ कृषि मंत्री मंगल पांडेय और कृषि सचिव संजय अग्रवाल ने बैठक की।
अधिकतर बीज उत्पादक कंपनियों ने बिहार में हाइब्रिड बीज का उत्पादन करने पर अपनी सहमति दी है। इसी वर्ष रबी मौसम से मक्का, सरसों एवं धान के हाइब्रिड बीज का उत्पादन शुरू होगा।
कृषि मंत्री ने बीज उत्पादक कंपनियों से कहा कि राज्य सरकार ने बीज उत्पादन के लिए नीति तैयार की है। कृषि विभाग के पास उपलब्ध बीज गुणन प्रक्षेत्र भी बीज उत्पादन के लिए निजी कंपनियों को लीज पर दिया जायेगा। इसके लिए शीघ्र निविदा जारी की जायेगी।