मुख्य समाचार

राजगीर विश्व शांति स्तूप के पूरे हुए 55 वर्ष 

नालंदा जिला के राजगीर में विश्व शांति स्तूप की स्थापना के 55 वर्ष पूरे हो गये। शांति स्तूप का निर्माण वर्ष 1969 में जापान के फियूजी गुरुजी ने कराया था। तत्कालीन राष्ट्रपति वीवी गिरी ने 25 अक्टूबर 1969 को इसका उद्घाटन किया था। तब से हर वर्ष 25 अक्टूबर को यहां कार्यक्रम होता है।

राजगीर विश्व शांति स्तूप की स्थापना के 55वें वार्षिक समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का राजगीर से काफी पुराना संबंध है। वे वेणुवन में रहते थे। 
बोधगया में ज्ञान प्राप्ति के बाद वे सारनाथ चले गये, जहां उन्होंने पहला उपदेश दिया। उसके बाद वे पुनः राजगीर आये और गृद्धकूट पर्वत पर उपदेश देने लगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में भगवान बुद्ध से जुड़े सभी स्थलों का विकास कराया गया है। वैशाली में बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय का निर्माण अंतिम चरण में है। राजगीर में विकास के सभी काम करा दिये गये हैं। यहां आनेवाले पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ गयी है।

कार्यक्रम को संबोधित करने से पहले सीएम ने विश्व शांति स्तूप की परिक्रमा की। उन्होंने धर्म गुरु दलाई लामा के भेजे गए उपहार को स्वीकार किया।    

कार्यक्रम को राजगीर बुद्ध विहार सोसायटी के वाइस चेयरमैन और सीजीसी कंपनी लिमिटेड ऑफ जापान के अत्शुहिरो होरीयुची ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने रोप वे के निकट नवनिर्मित एकीकृत भवन का उद्घाटन और स्वच्छ राजगीर अभियान का शुभारंभ किया।


संबंधित खबरें