केंद्र सरकार ने बिहार को 2766 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता दी है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने इसके लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार प्रकट किया है।
डिप्टी सीएम ने बताया कि दो दिन पहले यह राशि मिली है। बिहार के विकास के लिए केंद्रीय सहायता राशि में लगातार वृद्धि हो रही है। केंद्र सरकार वर्ष 2020-21 से बिहार को 50 वर्षों के लिए ब्याज रहित ऋण दे रही है।
इसके अंतर्गत राशि का उपयोग सड़क, मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, एएनएम स्कूल, हॉस्टल, विद्युत उपकेंद्र, वितरण लाइन, पुलिस भवन एवं स्कूलों के निर्माण पर हो रहा है। पेयजल आपूर्ति के लिए आधारभूत संरचना का निर्माण, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण परियोजना, पर्यटन केदों के निर्माण एवं विकास पर भी राशि खर्च हो रही है।
सम्राट चौधरी ने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2020-21 से 2023-24 तक राज्य सरकार की पूंजीगत स्कीम के वित्त पोषण के लिए 19,360 करोड़ रुपये का ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराया है। वर्ष 2024-25 में अबतक 11,522 करोड़ रुपये का ऋण मिला है।