खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बिहार 2025 के शुभंकर और लोगो का अनावरण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने किया। इस दौरान खेल गीत भी जारी किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 मई को खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी खिलाड़ियों का बिहार की धरती पर स्वागत है। यह आयोजन बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स का लोगो बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना का प्रतीक है। इसका नारंगी और हरा रंग उत्साह और प्रकृति का मेल दर्शाता है।
खेलो इंडिया का शुभंकर गजसिंह बिहार की समृद्ध पुरातात्विक विरासत से प्रेरित है। इसे पाल काल के दौरान नालंदा एवं बोधगया स्थित मंदिर और स्तंभों पर अंकित गजसिंह (हाथी-सिंह के संयोग) की मूर्तियों से लिया गया है।
बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन हो रहा है। 4 मई से 15 मई तक बिहार के पटना, राजगीर, गया, भागलपुर और बेगूसराय में खेल महाकुंभ का आयोजन होगा। 28 खेलों के लिए देशभर से 8500 खिलाड़ी और 1500 टेक्निकल स्टाफ भाग लेंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल गौरव यात्रा 15 अप्रैल से 2 मई के बीच बिहार के 38 जिलों से गुजरेगी।