फ्रांस में बिहार फाउंडेशन के नए चैप्टर का गठन हुआ है। फ्रांस में रहने वाले प्रवासी बिहारियों के सहयोग से राज्य के सर्वांगीण विकास में एक नई शुरुआत का यह संकेत है। इस चैप्टर का उद्देश्य स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यापार, संस्कृति और पर्यटन क्षेत्रों में बिहार से जुड़ी परियोजनाओं को गति देना है।
फ्रांस चैप्टर से अब तक 16 प्रवासी बिहारियों का रजिस्ट्रेशन बिहार फाउंडेशन की वेबसाइट पर हुआ है। बिहार सरकार इसे प्रवासी जुड़ाव और वैश्विक साझेदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने बताया कि फ्रांस के साथ अपने देश के पूर्वाेत्तर राज्य मेघालय में भी बिहार फाउंडेशन चैप्टर के गठन पर सहमति हुई है। इस चैप्टर से शिलांग में रहने वाले बिहार मूल के नागरिक, छात्र, व्यापारी एवं सांस्कृतिक प्रेमियों को एक साझा मंच मिलेगा। वे अपने गृह राज्य से जुड़ी गतिविधियों में सहयोग कर सकेंगे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि फ्रांस में कार्यरत बिहार स्पंदन संस्था पहले से ही सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों में सक्रिय रही है। होली, दिवाली एवं छठ पर्वों के साथ निवेश फोरम आयोजन में भी इसकी भूमिका रही है।