बिहार की नई औद्योगिक नीति अगस्त तक तैयार हो जाएगी। इसमें बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) के सुझावों को भी समाहित किया जा रहा है। अलग-अलग प्रक्षेत्र के लिए भी नीतियां बन रही हैं। बायो फ्यूल पॉलिसी की शीघ्र घोषणा होगी।
उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने यह जानकारी दी। वे बीआईए परिसर में बिहार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के विकास, अवसर और चुनौतियां विषय पर आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे।दो दिवसीय सेमिनार (18-19 जुलाई) का आयोजन बिहार उद्योग संघ ने किया है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार के उद्यमी जब तक आगे नहीं आएंगे, तब तक राज्य का औद्योगिक विकास नहीं हो सकता है। वन ब्लॉक, वन प्रोडक्ट नीति के तहत बिहार के सभी 534 प्रखंडों की विशिष्टता सूची बन चुकी है।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बिहार का कोर स्ट्रेंथ बताते हुए उन्होंने कहा कि हमें पैकेजिंग और क्वालिटी पर ध्यान देना होगा। इसके लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर उपयोगी साबित होंगे।