मुख्य समाचार

पटना में पीयूष गोयल की घोषणा, राज्य में चार नए इंडस्ट्रियल पार्क बनेंगे

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बिहार में चार नए इंडस्ट्रियल पार्क बनाने की घोषणा की है। इससे राज्य में लघु एवं अन्य उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। पीयूष गोयल ने बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस तरह का पैकेज किसी और राज्य में नहीं है। 

केंद्रीय मंत्री पटना के बापू सभागार में बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज (BIIPP 2025) के शुभारंभ और बिहार आइडिया फेस्टिवल के समापन के मौके पर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पीयूष गोयल को चार और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि गया में 1700 एकड़ में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर तैयार हो रहा है। राज्य सरकार ने इसके लिए 1300 एकड़ अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराई है। 

उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बिहार में स्टार्टअप के साथ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विकास हुआ है। यह विकसित भारत की दिशा में बिहार का एक सशक्त कदम है। इससे निवेशकों में नया विश्वास जगा है।

इस मौके पर बिहार राज्य उद्योग एवं व्यवसायी संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार रूंगटा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, एपीडा के अध्यक्ष अभिषेक डे, बियाडा के एमडी कुंदन कुमार एवं कई उद्योगपति मौजूद रहे। 


संबंधित खबरें