मुख्य समाचार

Buxar : जेके सीमेंट और कोका-कोला की नई यूनिट का शुभारंभ 

बक्सर जिले में जेके सीमेंट और कोका कोला की नई यूनिट का शुभारंभ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और उद्योग मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने किया।

जेके सीमेंट (JK Cement) ने बक्सर जिले के कांत गांव (डुमरांव प्रखंड) में निजी रूप से 96 एकड़ जमीन खरीदी है। करीब 512 करोड़ की लागत से बनी इस ग्रीन फील्ड यूनिट की उत्पादन क्षमता 3 मीट्रिक टन प्रति वर्ष (3 MTPA) है। बक्सर यूनिट से राज्य में सीमेंट की आपूर्ति में समय और लागत की बचत होगी। इससे पहले प्रयागराज यूनिट से आपूर्ति होती थी।

कोका कोला की नई यूनिट बक्सर जिले के नवानगर औद्योगिक क्षेत्र में है। 65 एकड़ जमीन में तैयार इस बॉटलिंग प्लांट की लागत 1200 करोड़ है। इस प्लांट की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 3.24 लाख केस है। कोका-कोला की फ्रेंचाइजी एसएलएमजी बेवरेजेज (SLMG Beverages) ने यूनिट का निर्माण कराया है।

इस मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि दोनों परियोजनाएं राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में बड़ा कदम है।

उद्योग मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल का कहना है, प्रतिष्ठित औद्योगिक समूहों का बिहार में निवेश इस बात का प्रमाण है कि राज्य अब औद्योगिक मानचित्र पर सशक्त रूप से उभर रहा है। 
 


संबंधित खबरें