बिहार में अगले 4 दिनों के लिए मौसम विज्ञान केंद्र ने अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बारिश, वज्रपात, तेज हवा और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की आशंका है। 8 और 9 अप्रैल को मौसम अधिक खराब रहेगा।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ से आने वाली नमीयुक्त हवाओं के कारण बिहार में अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इस कारण 3 से 4 दिनों तक राज्य के अधिकतर जिलों में बारिश, वज्रपात, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की प्रबल आशंका है।
मौसम विभाग ने किसान और आम लोगों को सलाह दी है कि वे अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। खराब मौसम के दौरान बाहर जाने से बचें। पेड़ और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। तैयार फसलों की शीघ्र कटाई कर सुरक्षित भंडारण कर लें। खेत में पड़ी फसल को अच्छी तरह से ढंक दें। इससे बारिश और ओलावृष्टि होने पर नुकसान कम होगा।