मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य सचिवालय में उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाना है। इसके लिए हमलोगों को एकजुट होकर अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा। बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी, विकास आयुक्त एवं सभी विभागों के प्रमुख मौजूद रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्यमंत्री के निर्देश :
- सभी विभाग अपने काम की प्रगति रिपोर्ट तैयार करें। इसकी विस्तृत समीक्षा होगी।
- जनता की समस्याओं का समाधान हमलोगों का मकसद है। आप सभी काम की गति को तेज करें। दोगुनी गति से काम होने पर समस्याओं का समाधान तेजी से होगा।
- काम को लटकाने की प्रवृत्ति मुख्यालय से लेकर नीचे तक नहीं होनी चाहिए। सिर्फ फाइल बढ़ाने और पत्र लिखने की प्रवृत्ति नहीं हो।
- भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी मजबूती से काम करना है। ऊपर से नीचे तक किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

- राज्य सरकार की योजनाओं को समय पर पूरा करें।
- जमीन विवाद के समाधान में किसी तरह की जटिलता नहीं होनी चाहिए। भूमि समस्या के कारण ही 60 से 70 प्रतिशत विवाद होता है।
- प्रखंड एवं अंचल कार्यालय और थानों में आम जनता को सुविधा मिले। समय पर समस्याओं का समाधान होना चाहिए।