नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि राज्यवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। विगत वर्षों में बिहार के शहरी क्षेत्रों में तेजी से विस्तार हुआ है। आज राज्य का शहरीकरण लगभग 17 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। इन परिस्थितियों में शहरी विकास को व्यवस्थित एवं दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाना आवश्यक है।
नगर विकास एवं आवास विभाग का कार्यभार संभालने के बाद नीतीश मिश्रा ने अपने विचारों को व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोई भी शहर उस राज्य के सुशासन एवं विकास का प्रतिविंब होता है। बिहार आने वाला कोई भी व्यक्ति सबसे पहले पटना और अन्य शहरों को देखकर राज्य के विकास की छवि अपने मन में बनाता है।
हमारी कोशिश होगी कि राज्य के सभी 264 नगर निकायों को आवश्यक सहयोग एवं हैंड-होल्डिंग उपलब्ध कराएं । इससे वे स्थानीय स्तर पर बेहतर कार्य कर सकेंगे। विभाग की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी।
शहरी क्षेत्रों में वेस्ट मैनेजमेंट, बिजली व्यवस्था, सिटी सर्विलांस, स्वच्छता एवं आधुनिक नागरिक सुविधाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सर्वाेच्च जिम्मेदारी है और वे पूर्ण समर्पण के साथ इस दायित्व का निर्वहन करेंगे।
नगर विकास मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउनशिप के लिए जगह चिह्नित किए गए हैं। यह राज्य के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वाकांक्षी एवं दूरगामी पहल है। इन टाउनशिप के साथ रोहतास में भी एक प्रस्ताव विचाराधीन है।
प्रधान सचिव विनय कुमार ने विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।