मुख्य समाचार

Patna में 14 मई की शाम 15 मिनट के लिए ब्लैकआउट

नागरिक सुरक्षा के लिए पटना समेत 6 जिलों में 14 मई की शाम ब्लैकआउट रहेगा। हवाई हमले से बचाव के लिए पटना के शहरी क्षेत्रों में शाम 7 से 7.15 बजे तक मॉकड्रिल होगा। इस दौरान कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा। किसी तरह की परेशानी होने पर पटना आपातकालीन संचालन केंद्र (0612-2210118), जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810,2219234) और डायल 112 पर सूचना दे सकते हैं।

पटना जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय पर अपने घर, दुकान और ऑफिस की सभी लाइट बंद कर दें। 

डीएम त्यागराजन एस.एम. ने बताया कि सरकार के निर्देश पर 14 मई को हवाई हमले से बचाव के लिए नागरिक सुरक्षा अभ्यास किया जाएगा। हवाई हमले की चेतावनी मिलने पर निर्धारित समय पर 2 मिनट तक नागरिक सुरक्षा का सायरन बजेगा। सायरन बजते ही ब्लैकआउट हो जाएगा। 

फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, एनसीसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर निकाय, सिविल डिफेंस, विधि-व्यवस्था सहित आपदा प्रबंधन तंत्र के विभिन्न स्टेकहोल्डर्स की प्रभावशीलता का परीक्षण होगा। मॉकड्रिल में अनिवार्य सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। अस्पतालों की खिड़कियों पर क्यूबिकल या प्राइवेसी कर्टेन का प्रयोग किया जाएगा।

डीएम ने लोगों से अपील है कि वे घबराएं नहीं। किसी अफवाह पर ध्यान न दें। हवाई हमला चेतावनी, मॉकड्रिल एवं ब्लैकआउट निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार होंगे। 
 


संबंधित खबरें