मुख्य समाचार

Darbhanga Airport की सुरक्षा सीएम ने सीआईएसएफ को सौंपी

दरभंगा एयरपोर्ट के महत्व को देखते हुए राज्य सरकार ने इसकी सुरक्षा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सौंपी है। दरभंगा एयरपोर्ट पर आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीआईएसएफ के डीजी प्रवीर रंजन को फ्लैग एवं सांकेतिक चाबी प्रदान की। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि किशनगंज जिले के पोठिया अंचल में सीआईएसएफ के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए राज्य सरकार ने 110 एकड़ जमीन दी है। सरकार यह आश्वस्त करती है कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को हर जरूरी सुविधा मिलेगी। बिहार के लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। 

दरभंगा एयरपोर्ट का नामकरण विद्यापति जी के नाम पर हो। इसके लिए हम प्रधानमंत्री से आग्रह करेंगे। इस एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाना है। दरभंगा और मिथिला बिहार का मिडिल प्वाइंट है।

मिथिला की यह धरती भारत की संस्कृति को समृद्ध बनाती है। इसी धरती पर माता जानकी का जन्म हुआ। दरभंगा एयरपोर्ट मिथिलांचल के उत्पादों को दुनिया में पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य सरकार बंद अशोक पेपर मिल की जगह नया उद्योग स्थापित करेगी। 

सीएम ने बताया कि सभी जिलों में एयर ट्रैफिक का विस्तार करना है। मुजफ्फरपुर, रक्सौल, सहरसा और वीरपुर में एयरपोर्ट के लिए टेंडर हो गया है। पूर्णिया एयरपोर्ट शुरू हो चुका है। मुंगेर, अजगैबीनाथ, भागलपुर और बेगूसराय के एयरपोर्ट को भी हर हाल में चालू कराना है। अगले सप्ताह सिविल विमानन विभाग एवं केंद्र सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक होनी है।

बिहार से प्रति वर्ष हवाई यात्रा करनेवालों की संख्या 50 लाख से अधिक हो गई है। अगले 5 वर्षों में बिहार में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाना है। हम ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं कि अगले पांच वर्षों में बिहार से 4 से 5 करोड़ लोग हवाई यात्रा कर सकें।

कार्यक्रम को जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, सांसद गोपाल जी ठाकुर, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी एवं सीआईएसएफ के डीजी प्रवीर रंजन ने भी संबोधित किया।
 


संबंधित खबरें