मुख्य समाचार

Gig workers के लिए एसी लाउंज, पटना बना देश का तीसरा शहर 

गिग वर्कर्स (Gig workers) के लिए एसी लाउंज की सुविधा देने में पटना देश का तीसरा शहर बन गया है। यह सुविधा स्विगी, जोमैटो एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से जुड़े डिलीवरी पार्टनर्स को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। फिलहाल यह सुविधा गांधी मैदान गेट नंबर 4 और आयकर गोलंबर के समीप है। 

प्रत्येक लाउंज में 15 लोगों के बैठने की क्षमता है। लाउंज में आरामदायक बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, स्वच्छ वातावरण और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। 

नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्र ने दोनों एसी लाउंज का जायजा लिया। उन्होंने बेहतर संचालन एवं रखरखाव के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त यशपाल मीणा और पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी मौजूद रहे। 

नीतीश मिश्र ने स्विगी, जोमैटो एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से जुड़े गिग वर्कर्स से बात की। उनके कार्य अनुभव और दैनिक चुनौतियों को गंभीरता से सुना। सभी ने एसी लाउंज जैसी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। 

नगर विकास मंत्री ने कहा कि बदलती शहरी अर्थव्यवस्था में गिग वर्कर्स की भूमिका लगातार बढ़ रही है। खाद्य सामग्री, आवश्यक वस्तु और विभिन्न सेवाओं की शीघ्र डिलीवरी में इनकी महत्वपूर्ण भागीदारी है। ऐसे कर्मियों के लिए बेहतर कार्य परिवेश और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। 
 


संबंधित खबरें