प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने लोकभवन मार्च की घोषणा की है। 19 अगस्त की सुबह 10 बजे गांधी मैदान के समीप जेपी गोलंबर से मार्च शुरू होगा।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में यह विशाल मार्च जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहा, तारामंडल और इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए लोकभवन तक जाएगा।
तेजस्वी यादव ने पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ताओं से कहा है कि मार्च शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाएगा। इसमें पार्टी के सभी सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और विधायक, छात्र और हजारों की संख्या में जनमानस शामिल होंगे। राज्यपाल को छात्रों की समस्याओं की जानकारी दी जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि बिहार में कोई भी प्रतियोगी परीक्षा पारदर्शी तरीके से नहीं हो रही है। इस कारण योग्य अभ्यर्थियों का चयन मुश्किल हो गया है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में बिहार सबसे पीछे है। देश में बिहार की नामांकन दर सबसे कम और स्कूल छोड़ने की दर सबसे अधिक है। लगातार सामने आ रहे विवाद छात्रों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।