बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीआईए) ने उद्यमी पंचायत फिर से शुरू कराने का अनुरोध किया है। बीआईए के प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह से कहा कि उद्यमी पंचायत मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होती रही है। इस मंच के जरिए उद्यमियों को अपनी समस्या एवं सुझावों को सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने और शीघ्र समाधान का अवसर मिलता था।
उद्योग मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि वह स्वयं मुख्यमंत्री से मिलकर उद्यमी पंचायत फिर से शुरू कराने का अनुरोध करेंगी। उद्योग मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि वह स्वयं उद्योग जगत के साथ नियमित संवाद करना चाहती हैं। इसके लिए प्रत्येक माह राज्य के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के साथ बैठक होगी।
इस संदर्भ में बीआईए ने सुझाव दिया कि उद्योग मंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक के लिए प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार का दिन निर्धारित होना चाहिए।
श्रेयसी सिंह ने बीआईए के वार्षिक समारोह में भी आने की सहमति दी है। बीआईए के प्रतिनिधिमंडल में महासचिव अमरनाथ जायसवाल, बासुदेव प्रसाद, मनीष तिवारी और कृष्ण मुरारी अग्रवाल शमिल थे।