मुख्य समाचार

बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी पर Office of Profit का आरोप

राज्यसभा सांसद सह आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक कुमार चौधरी की सदस्यता समाप्त कर अविलंब मंत्री पद से हटाने की मांग की है। अशोक कुमार चौधरी पर लाभ का पद (Office of Profit) कानून के उल्लंघन का आरोप है। 

प्रोफेसर मनोज कुमार झा ने कहा कि मंत्री अशोक कुमार चौधरी के मामले का खुलासा बिहार राज्यपाल कार्यालय से जारी रिपोर्ट में हुआ है। उन्होंने विधान परिषद सदस्य रहते हुए 58 साल की उम्र में लेक्चरर की नौकरी हासिल की। 17 अगस्त 2026 को पटना के ए.एन. कॉलेज में लेक्चरर के पद पर योगदान दिया और अगले ही दिन उन्होंने अवकाश के लिए अर्जी दी। यह पूरी तरह से नियम और कानून के खिलाफ है।

मनोज कुमार झा ने बताया कि अशोक चौधरी ने अपने नाम में परिवर्तन करके डॉक्टर अशोक कुमार के नाम से नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की। अगस्त 2026 में ही पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी सिंडिकेट की बैठक में यह मामला आया। सिंडिकेट ने पूरे मामले को राज्यपाल कार्यालय भेज दिया। 

लोकभवन (राजभवन) से इस मामले पर जिस तरह की टिप्पणी सामने आई है। उससे यह स्पष्ट हो गया कि अशोक चौधरी ने कानून और नियम का उल्लंघन करके लेक्चररशिप की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की। 

अगर वह लेक्चरर रहते सदन का सदस्य होते, तो उनका चयन जायज होता। इसके विपरीत उन्होंने विधान परिषद का सदस्य रहते हुए लेक्चररशिप की नौकरी हासिल की। यह पूरी तरह से ऑफिस आफ प्रॉफिट का मामला बनता है। 

आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता ने वर्ष 2006 में जया बच्चन पर कार्रवाई की बात बतायी। Office of Profit मामले में जया बच्चन की सदस्यता राज्यसभा से समाप्त हो गई थी। उन्हें राज्यसभा सदस्य रहते हुए फिल्म सिटी के पद पर नियुक्त किया गया था। 

बिहार लोकभवन ने एडवोकेट जनरल से मंत्री अशोक कुमार चौधरी के मामले पर मंतव्य मांगा है। 


संबंधित खबरें