पटना। शीघ्र ही व्यावसायिक काम के लिए बिजली कनेक्शन 24 घंटे में मिलेगा। शुरुआत औद्योगिक कनेक्शन से होगी। बिजली कनेक्शन देने में तेजी लाने की कवायद राष्ट्रीय स्तर पर चल रही है। केंद्र सरकार ने 2019 तक हर घर बिजली पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है जबकि राज्य सरकार ने 2018 तक का लक्ष्य रखा है। हालांकि शहरी क्षेत्रों में साल के अंत तक कनेक्शन देने का लक्ष्य है। इस लक्ष्य को पाने के लिए मासिक तौर पर विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। राज्य बिजली कंपनी के अधिकारियों ने कहा है कि बिहार में क्रमबद्ध तरीके से काम होगा। छोटे व बड़े उद्योगों को कनेक्शन देने से शुरुआत होगी। आवेदन देने की प्र्रक्रिया सरल बनायी जा रही है।
आॅनलाइन पेमेंट पर जोर: बिजली कंपनी उपभोक्ताओं को आॅन लाइन पेमेंट करने पर जोर दे रही है। केंद्र सरकार ने साल के अंत तक सभी राज्यों को कहा है कि कम से कम 50 फीसदी आॅनलाइन भुगतान कराएं। आॅनलाइन पेमेंट में बिहार अभी पीछे है।
काली सूची में 13 बिजली एजेंसी: तय मानकों के अनुसार काम नहीं करने पर 13 एजेंसियों को साउथ बिहार डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने काली सूची में डाल दिया है। सभी कंपनियां बिहार से बाहर की हैं। अब ये कंपनियां राज्य की किसी भी कंपनी के ठेका में शामिल नहीं होंगी।