नई दिल्ली । नीति आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया ने नीति आयोग से इस्तीफा देने का फैसला किया है। इस बारे में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर 31 अगस्त से सेवाओं से मुक्त करने का आग्रह किया है। पनगढ़िया ने कहा है कि कोलंबिया विश्वविद्यालय उनके अवकाश को बढ़ाने को तैयार नहीं है। इस वजह से वह नीति आयोग की जिम्मेदारी नहीं संभाल सकते। भारतीय अमेरिकी मूल के अर्थशास्त्री और कोलंबिया विश्वविद्यालय में भारतीय राजनीतिक अर्थशास्त्र के प्रोफेसर पनगढ़िया नीति आयोग के जनवरी, 2015 में पहले उपाध्यक्ष बने थे। उस समय योजना आयोग को समाप्त कर नीति आयोग बनाया गया था।