मुख्य समाचार

कारोबारियों की परेशानियों का मिलकर करेंगे समाधान

पटना । जीएसटी लागू होने के बाद कारोबारियों को परेशानी हो रही है। जब भी कोई नई व्यवस्था लागू होती है, तो शुरू में परेशानी होती है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार व व्यापारी मिलकर समस्या का समाधान निकालेंगे। ये बातें उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स में व्यवसायी संगठनों के साथ आयोजित बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर व्यवसायियों को जानकारी देने के लिए विभागीय अधिकारियों को भेजा जाएगा। जीएसटी में कारोबारियों की सुविधा का ख्याल रखा गया है। अधिकतर काम आॅनलाइन होने के कारण अधिकारियों का हस्तक्षेप काफी कम है। 
मोदी ने बताया कि प्रखंड स्तर पर सुविधा केंद्रों में जीएसटी रिटर्न भरने के लिए ट्रेंड लोगों को रखने पर विचार किया जाएगा। शीघ्र ही भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गया व दरभंगा में कारोबारियों के साथ बैठक करेंगे। पांच अगस्त को जीएसटी काउंसिल की बैठक में बिहार के कारोबारियों की परेशानियों को भी रखेंगे। साथ ही जीएसटी में कम टैक्स का फायदा उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचाने वाले व्यवसायियों पर कार्रवाई की भी बात कही। ऐसे कारोबारियों पर नियंत्रण के लिए एंटी प्रोफेटिंग कानून बनाया गया है।

वाणिज्य कर विभाग की प्रधान सचिव सुजाता चतुर्वेदी ने भी राज्य में जीएसटी की प्रगति की जानकारी दी। मौके पर मुख्य सीजीएसटी आयुक्त एसएन सिंह, आयुक्त रंजीत कुमार, चैंबर आॅफ काॅमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल समेत कई अधिकारी मौजूद थे।   


संबंधित खबरें