वित्त मंत्रालय में विशेष सचिव एवं सीबीआईसी के सदस्य शशांक प्रिय ने पटना में कहा कि जीएसटी प्रणाली में सुधार की प्रक्रिया जारी है। जीएसटी लागू होने के बाद से टैक्स संग्रह में 207 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। करदाता का आधार भी दोगुना हो गया है।
शशांक प्रिय बिहार उद्योग संघ (बीआईए) परिसर में जीएसटी रिफॉर्म पर एक परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म एक संरचनात्मक सुधार है। इसका लाभ हर वर्ग को मिलने वाला है। नई प्रणाली में टैक्स दरों को सरल किया गया है। अब केवल दो टैक्स स्लैब रह गए हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया गया है।

कार्यक्रम में मौजूद उद्यमी, सीए, टैक्स विशेषज्ञ एवं व्यापार प्रतिनिधियों ने जीएसटी से संबंधित प्रश्न एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा। जीएसटी के मुख्य आयुक्त (बिहार-झारखंड) प्रदीप सक्सेना भी मौजूद रहे।
बीआईए के अध्यक्ष रामलाल खेतान ने कहा कि जीएसटी से एक राष्ट्र एक कर की परिकल्पना साकार हुई है। उद्योग जगत सरकार से एक सरल, पारदर्शी और व्यवसाय सुलभ टैक्स प्रणाली की अपेक्षा करता है।