केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म के बाद से 54 उत्पादों की कीमत पर केंद्र सरकार की कड़ी नजर है। 22 सितंबर 2025 से हमें सभी सामान की कीमत की क्षेत्रीय स्तर से जानकारी मिल रही है। वित्त मंत्रालय का राजस्व विभाग नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म्स के दौरान तय किए गए उत्पादों की कीमत की निगरानी कर रहा है।
केंद्रीय वित्त मंत्री जीएसटी बचत उत्सव के मौके पर प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित कर रही थीं। इस मौके पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे।
केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा टैक्स दरों में कमी उपभोक्ताओं के फायदे में है। हमने जीएसटी की दिशा तय की और उसे लागू किया। यह एक जागरूक निर्णय है। यह लोगों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार और जीएसटी काउंसिल के बीच सहयोग का प्रतीक है।
पीयूष गोयल ने जीएसटी रिफॉर्म्स पर कहा कि इस सुधार ने आम नागरिक, औद्योगिक और वाणिज्यिक सेक्टर में उत्साह का संचार किया है। प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष दोनों कर तरीकों के माध्यम से 2.5 लाख करोड़ रुपये की राहत देने का यह निर्णय अभूतपूर्व है।
अश्विनी वैष्णव ने इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम में वृद्धि और खपत, निवेश एवं मैन्युफैक्चरिंग पर जीएसटी सुधारों पर प्रकाश डाला।