डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सुशील मोदी सरकार में वित्त विभाग का महत्व समझते थे। उनकी सलाह पर मैंने पार्टी के हित में वित्त मंत्री का पद स्वीकार किया।
सुशील मोदी के प्रमाण के साथ सदन में बोलने के गुणों की चर्चा करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि विपक्ष के नेता की हैसियत से जब वे कागज-किताब लेकर आते थे, तब सरकार में खलबली मच जाती थी। सबको लगता था किसी घोटाले का पर्दाफाश होने वाला है।
सुशील मोदी की पहली पुण्यतिथि पर पटना के रवींद्र भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए को बनाने, चलाने और मजबूत करने में सुशील मोदी का बड़ा योगदान था। वे पार्टी और गठबंधन के शिल्पी थे। उन्हीं की प्रेरणा से पार्टी के 80 फीसदी कार्यकर्ता आगे बढ़े और नेताओं की नई पीढ़ी तैयार हुई।
जेपी आंदोलन से निकले नेताओं की पहली कतार में शामिल और पद्म भूषण से सम्मानित सुशील कुमार मोदी ने संगठन तथा सरकार में रहकर सेवा का जो रास्ता दिखाया, उसे भाजपा आगे बढ़ाएगी।