मुख्य समाचार

नीतीश ने सीमांचल का किया एरियल सर्वे, दिए निर्देश

 पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को सीमांचल क्षेत्र का एरियल सर्वे कर राहत और बचाव की जानकारी ली। उन्होंने अररिया, किशनगंज, पूर्णिया व कटिहार के प्रभावित इलाकों को देखा। राहत कार्य के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार बारिश के कारण स्थिति बिगड़ी है। मंगलवार को वह दरभंगा, सीतामढ़ी व शिवहर इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। उसके बाद चंपारण क्षेत्र का जायजा लेंगे। आपदा प्रबंधन, सड़क निर्माण तथा ग्रामीण कार्य विभागों के अधिकारी तथा संबंधित डीएम मंगलवार को स्थिति का जायजा लेंगे। सीएम ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षा मंत्री को पूरी स्थिति की जानकारी दी तथा राहत और बचाव कार्य में मदद का अनुरोध किया। केंद्र ने बिहार को हसंभव मदद का भरोसा दिया है। एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम तथा सेना राहत कार्य में लगी है।  
पिछले 72 घंटे में हुई भारी बारिश व नेपाल से छोड़े गए पानी के कारण बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। गंगा, कोसी और महानंदा नदियां उफान पर हैं। सीमांचल के साथ उत्तर बिहार के कई जिले सहरसा, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण बाढ़ से प्रभावित हैं। कई तटबंध टूट गए हैं। करीब 30 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है। राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ सेना को भी प्रभावित इलाकों में उतारा गया है। प्रभावित जिलों के प्रभारी प्रधान सचिव अपने-अपने जिलों में कैंप कर राहत और बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
 बाढ़ का असर अब ट्रेनों के परिचालन पर भी दिख रहा है। कई जगहों पर रेलवे ट्रैक और स्टेशन पर पानी आ गया है। कई ट्रेनों को रूट डायवर्ट कर चलाया जा रहा है। इस कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है। 


संबंधित खबरें