मुख्य समाचार

रेलवे को बाढ़ से करीब 150 करोड़ का नुकसान

पटना/नयी दिल्ली। बिहार, असम, पश्चिम बंगाल, और उत्तर प्रदेश में आयी बाढ़ के कारण भारतीय रेल को पिछले सात दिन में करीब 150 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बाढ़ के कारण पूर्व मध्य रेल को प्रति दिन 5.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है जबकि मरम्मत में पांच करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसी तरह पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे को यात्रियों तथा माल ढुलाई से मिलने वाले राजस्व में प्रति दिन 12 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। इसके अलावा बाढ़ से क्षतिग्रस्त पटरियों की मरम्मत में 10 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पूर्व मध्य रेल ने 66 ट्रेनों को रद्द व 105 ट्रेनों को आशिंक तौर पर रद्द किया है। 28 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किये गये हैं। इसी तरह पूर्वोत्तर क्षेत्र में 445 ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है जबकि 151 के परिचालन को आंशिक तौर पर रद्द किया गया है। रेलवे के प्रवक्ता अनिल सक्सेना का कहना है कि फिलहाल राजस्व नुकसान का सही आंकड़ा देना मुश्किल है। ये आंकड़े अनुमानित हैं। सही तस्वीर स्थिति सामान्य होने के बाद ही आएगी।
 


संबंधित खबरें