बेंगलुरु /एजेंसी। इन्फोसिस के एग्जिक्यूटिव चेयरमैन नंदन निलेकणि ने कहा है कि वह कार्पोरेट गवर्नेंस के उच्च मानक तय करेंगे। हमारा फोकस ग्लोबल चुनौतियों पर रहेगा। शेयर धारकों की परेशानियों पर भी ध्यान रहेगा और उनके साथ आगे की रणनीति पर विचार होगा। साथ ही कंपनी के नये सीईओ का ऐलान अक्टूबर तक कर दिया जाएगा। इन्फोसिस की कमान संभालने के बाद निलेकणि प्रेस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे इन्फोसिस के भविष्य को लेकर उत्साहित हैं। कंपनी में स्थिरता लाना और आगे की चुनौतियों से निबटने पर उनका प्रमुख ध्यान रहेगा। निलेकणि ने कहा कि बोर्ड अगले छह महीने के लिए रणनीति तैयार करेगा और पनाया मामले की जांच होगी। सीईओ पद के लिए अंदर एवं बाहर दोनों ही उम्मीदवारों पर विचार होगा। इसका फैसला किरण मजूमदार समिति करेगी। जब तक जरूरत होगी वेे बोर्ड में बने रहेंगे।