नई दिल्ली/एजेंसी। अलीबाबा ग्रुप के को-फाउंडर और एग्जिक्यूटिव चेयरमैन जैक मा की कामयाबी के किस्से किसी से छिपे नहीं हैं। हाल ही में एक इवेंट के दौरान उन्होंने दिल को छू लेने वाली ऐसी बात कही कि पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। दरअसल जैक मा से उनकी कामयाबी और शोहरत को लेकर सवाल पूछा गया था। इस सवाल के जवाब में जैक मां ने वहां मौजूद लोगों को कामयाबी का मंत्र देते हुए कहा, मैं पैसा, पावर और शोहरत से दूरी बनाकर चलता हूं। यही मेरे जीवन का मंत्र है।
जैक ने कहा कि अगर आप अपने पास पैसा रखते हैं तब भी आप परेशानी में पड़ेंगे, पावरफुल होने पर भी आप मुश्किल में पड़ सकते हैं और अगर आप ज्यादा शोहरत लेकर चलेंगे तब भी परेशानी होगी। उन्होंने लोगों को टिप्स देते हुए कहा कि अगर आपके पास पैसा है तो उससे दूसरों की मदद करें, अगर आपके पास पावर है तो इसका इस्तेमाल दूसरों के उत्थान में करें और अगर आप शोहरत वाले इंसान हैं तो इसे दूसरों को भी बांटें।
दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल जैक लोगों की खूब मदद करते हैं। वह अपनी कमाई का काफी बड़ा हिस्सा चैरिटी पर खर्च करते हैं। मा चीन के सबसे बड़े चैरिटी करने वालें में से एक हैं। इनकी कंपनी दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी है।