पटना/नई दिल्ली। सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) की कीमत में चार से सात रुपये की बढ़ोतरी हुई है। यह सरकार के हर महीने सिलेंडर की कीमत में वृद्धि के निर्णय के अनुरूप है, जिससे कि चालू वित्त वर्ष के अंत तक सभी तरह की सब्सिडी को खत्म किया जा सके। विमान ईंधन एटीएफ के दाम भी 4 प्रतिशत बढ़ाए गए हैं।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार पटना में सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम रसोई गैस की नई कीमत 489 रुपये हो गयी है, जो पहले 485 रुपये थी। हालांकि ग्राहकों को गैस डिलिवरी के समय 672 रुपये देना होगा। बाद में सब्सिडी राशि 183 रुपये खाते में जमा हो जाएगी। इस तरह गैस का वास्तविक मूल्य 489 रुपये होगा। पहले ग्राहकों को 598 रुपये भुगतान करना पड़ता था, जिसपर सब्सिडी 113 रुपये था। सब्सिडी के बाद गैस की कीमत 485 रुपये थी।
दिल्ली में रसोई गैस की कीमत 487.18 रुपये हो गई है, जो पहले 479.77 रुपये थी। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 31 जुलाई को लोकसभा में कहा था कि सभी पेट्रोलियम कंपनियों से कहा गया है कि अगले साल मार्च के अंत तक सभी तरह की सब्सिडी को खत्म करने के लिए वे हर महीने रसोई गैस सिलेंडर के दाम 4 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाएं। इससे पहले एक अगस्त को तेल कंपनियों ने 2.31 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की थी, इसलिए इसको बराबरी पर लाने के लिए इस बार ज्यादा वृद्धि की गई है।