पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि विकास में व्यवसायियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार भी उन्हें हर तरह की सुविधा देने के लिए प्रयासरत है। जीएसटी प्रणाली से बिहार को काफी फायदा होगा। आज बिहार की विकास दर देश की विकास दर से अधिक है। वह खाद्यान्न व्यवसायियों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार न्याय के साथ विकास के लिए प्रयासरत है। शराबबंदी से काफी फायदा हुआ है। इसका असर दूसरे कारोबार पर पड़ा। दो अक्टूबर से बाल विवाह व दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान शुरू होगा। पटना में भामाशाह और मुंगेर में खाद्यान्न व्यवसायी संघ के संस्थापक रामलखन गुप्त की प्रतिमा लगेगी। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सरकार हर संभव कोशिश कर रही है। हर पीड़ित परिवार को आरटीजीएस के जरिए छह हजार रुपये की सहायता फिलहाल दी जा रही है। इधर, खाद्यान्न व्यवसायी संघ ने भी मदद के लिए सीएम राहत कोष में 1.51 लाख और लखीसराय चैंबर आॅफ काॅमर्स ने 25 हजार का चेक सौंपा।
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने संबोधन में कहा कि जीएसटी का फायदा दो साल के बाद दिखेगा। नई कर व्यवस्था से कई सामान सस्ता हुए हैं । सूबे में कारोबार बढ़ने के ही कारण वाणिज्य कर विभाग का राजस्व 18.5 हजार करोड़ का हो गया है।
पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा कि व्यावसायिक माहौल के लिए कानून-व्यवस्था बेहतर होना जरूरी है और सरकार इसके लिए गंभीर है।
मौके पर संघ के अध्यक्ष यमुना प्रसाद, महामंत्री बलराम प्रसाद समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी मौजूद थे।