पटना। मेघालय के राज्यपाल गंगा प्रसाद ने कहा कि बिहार और मेघालय के बीच आर्थिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आदान-प्रदान होगा। दोनों राज्य कृषि प्रधान हैं। इस कारण आदान-प्रदान में सुगमता होगी। बिहार की तरह मेघालय की भी संस्कृति धनी है। उक्त बातें वह बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में कह रह थे।
राज्यपाल ने बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि मैं खुद 30 साल से इस संस्था का सदस्य हूं। शीघ्र ही पटना में भामाशाह और मुंगेर में खाद्यान्न व्यवसायी संघ के संस्थापक रामलखन गुप्त की प्रतिमा लगेगी। दघीचि देह दान समिति के अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने कहा कि समिति इस क्षेत्र में अच्छा काम कर रही है। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य सुषमा साहू ने उम्मीद जतायी कि नये राज्यपाल के नेतृत्व में मेघालय और तरक्की करेगा। मेयर सीता साहू ने कहा कि पार्टी की मजबूती में गंगा प्रसाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
चैंबर आॅफ काॅमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने राज्यपाल को शाॅल व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। साथ ही चैंबर के 90 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में प्रकाशित काॅफी टेबल बुक भी सौंपा। गंगा प्रसाद की शालीनता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मेघालय-बिहार के बीच आर्थिक गतिविधियों का आदान-प्रदान होना चाहिए। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष ओपी शाह ने कहा कि गंगा प्रसाद का राज्यपाल बनना बिहार के लिए गर्व की बात है। वे वैश्य समाज से राज्यपाल बनने वाले देश के पहले व्यक्ति हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया।
मौके पर विश्व हिंदू परिषद के ओम प्रकाश, विधायक संजीव चौरसिया, चैंबर के पूर्व अघ्यक्ष मोती लाल खेतान, उपाध्यक्ष एनके ठाकुर व मुकेश कुमार जैन, महासचिव अमित मुखर्जी, कोषाध्यक्ष विशाल टेकरीवाल, शशि मोहन व पशुपति पांडेय समेत कई कारोबारी उपस्थित थे।