पटना। कृषि क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले किसानों को सरकार सम्मानित करेगी। किसान सम्मान योजना को कार्यान्वित करने का निर्णय लिया गया है। 2017-18 के लिए संकर धान, गेहूं, आलू, गाय पालन (क्राॅस ब्रीड) एवं मत्स्य पालन समेत पांच क्षेत्रोँ में अधिकतम उत्पादन करने वाले किसान पुरस्कृत होंगे। पुरस्कार के लिए किसान आॅन लाईन आवेदन कर सकते हैं। किसान बामेती अथवा कृषि विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर पांच-पांच किसानों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रखंड स्तर पर अधिकतम उत्पादन करने वाले किसान को किसान श्री सम्मान एवं दस हजार रुपया नगद, जिला स्तर पर अधिकतम उत्पादन करने वाले किसानों को किसान गौरव सम्मान एवं 25,000 रुपया तथा राज्य स्तर पर किसान श्रेष्ठ सम्मान एवं पचास हजार रुपया नगद राशि दी जाएगी। इस तरह प्रखंड स्तर पर 2670, जिला स्तर पर 190 तथा राज्य स्तर पर पांच किसानों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
डाॅ प्रेम ने कहा कि धान के लिए कम से कम उत्पादन 50 क्विंटल प्रति हेक्टेयर होना चाहिए। इसी तरह आलू के लिए 250 क्विंटल प्रति हेक्टेयर, गेहूं के लिए 40 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तथा गाय पालन (क्राॅस ब्रीड) के लिए 10 लीटर दूध प्रति गाय प्रति शाम तथा मछली पालन के लिए 40 क्विंटल प्रति हेक्टेयर से अधिक उत्पादन करने वाले किसान को पुरस्कृत किया जाएगा।
आवेदन पत्र भरने के लिए किसान अपने परियोजना निदेशक, आत्मा, ई-किसान भवन तथा वसुधा केंद्र से संपर्क कर सकते है। अधिक जानकारी के लिए किसान जिला कृषि पदाधिकारी, परियोजना निदेशक, आत्मा, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं किसान सलाहकार से संपर्क कर सकते है।