पटना। नये साल (1.1.2018) से सभी विभाग 50 हजार रुपये तक के सामान की खरीद जेम पोर्टल से करेंगे। साथ ही पहली अप्रैल से बजट, व्यय, पेंशन, राजस्व प्राप्ति, लेखा, अंकेक्षण, वेतन एवं ऋण प्रबंधन का काम नई सीएफएमएस (काम्प्रिहेन्सिव फिनांस मैनेजमेंट सिस्टम ) प्रणाली से होगा। इससे परदर्शिता के साथ सही समय में सूचना प्राप्त होगी एवं कागजी कार्रवाई पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने उक्त निर्देश वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में दिए।
जेम एक आॅनलाइन मार्केटिंग पोर्टल है, जिसे केंद्र सरकार ने जारी किया है। इस पोर्टल पर खरीदे जाने वाले सामान की दर रहेगी और खरीद के लिए संबंधित विभाग को एस्क्रो खाते में राशि रखनी होगी। सामान की आपूर्ति के 10 दिन के बाद भुगतान होगा। सप्लायर अपने सामान का मूल्य प्रदर्शित कर अपना निबंधन करा सकेंगे। 50 हजार से अधिक की खरीद आॅनलाइन निविदा के आधार पर होगी। इसके पहले टेंडर और कोटेशन के आधार पर खरीद होती थी, जिसमें गड़बड़ी की आशंका रहती थी।
2018-19 का बजट सीएफएमएस की नई प्रणाली से तैयार हो रहा है। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सीएफएमएस की नई प्रणाली को टीसीएस से बात कर पहली अप्रैल से प्रभावी बनाएं। इसके पहले वित्त प्रबंधन का काम सीटीएमआईएस (काम्प्रिहेन्सिव ट्रेजरी मैनेजमेंट सिस्टम) के जरिए होता था। इसमें पारदर्शिता का अभाव था।