पटना। जीएसटी काउंसिल की गुवाहाटी में हुई बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय का बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन व बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स ने स्वागत किया है। इसके लिए दोनों संगठनों ने जीएसटी काउंसिल एवं इसके सभी सदस्यों खास कर बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को धन्यवाद दिया है।
बीआईए : जीएसटी दर में किए गये बदलाव पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बीआईए के अध्यक्ष के.पी.एस. केशरी ने कहा कि 28 फीसदी कर की श्रेणी में सिर्फ 50 वस्तुओं को रखना काउंसिल का एक सराहनीय एवं व्यावहारिक निर्णय है। काउंसिल इस बात पर भी सकारात्मक नजर आया है कि सभी श्रेणी के करदाताओं को त्रैमासिक रिटर्न दाखिल करने की सुविधा उपलब्ध हो सके। कंपोजिशन सीमा को बढ़ाकर 1.5 करोड़ कर दिया गया है। अब मैन्यूफेक्चरर्स को भी 1 प्रतिशत कंपोजिशन स्कीम के अंतर्गत चार्ज किया जायेगा। अंतरराज्यीय व्यापार के मामले में भी कंपोजिशन सुविधा को लागू कर दिया गया है। उपरोक्त सारी हमारी मुख्य मांगें थीं। जूट हैंड बैग को 12 प्रतिशत व भवन निर्माण उद्योग से संबंधित उत्पाद जैसे फ्लाई एश, मार्बल व सेनिट्री आइटम पर कर 18 प्रतिशत टैक्स कर दिया गया है, जिससे बिहार के उद्यमियों-व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी।
बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज : बिहार चैंबर आॅफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने 177 वस्तुओं के करों में कटौती के निर्णय का स्वागत किया है। चैंबर अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने बताया कि कर दरों में कमी से जहां एक ओर उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर उस वस्तु का अधिकाधिक खपत होने से व्यापार भी बढ़ेगा। आम उपभोक्ताओं के व्यापक हित में फ्लाई ऐश, ब्रिक फ्लाई ऐश, बिहार की प्रसिद्ध मिठाई खाजा, अनरसा और चिक्की पर कर की दर 18 से घटाकर 5 प्रतिशत किया जाना तथा पास्ता, काॅटन और जूट बैग पर 12 प्रतिशत किया जाना स्वागत योग्य निर्णय है ।
उन्होंने कहा कि गुवाहाटी बैठक से पहले उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राज्य के विभिन्न ट्रेड संगठनों के साथ जीएसटी से संबंधित विषयों पर तीन बैठक की थी। बैठक में व्यवसायियों ने वस्तुओं पर कर की दरों को कम करने के साथ-साथ रिटर्न प्रक्रिया के सरलीकरण, जीएसटी पोर्टल की कठिनाईयों का समाधान, सभी करदाताओं के लिए त्रैमासिक विवरणी दाखिल करने, इनपुट टैक्स क्रेडिट, बिलंब शुुल्क को कम करने आदि के संबंध में उप मुख्यमंत्री से अनुरोध किया था। चैंबर अध्यक्ष ने सुशील कुमार मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके साथ विभाग की पूरी टीम राज्य के व्यवसायियों को हर प्रकार के सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहती है ।